JSON Variables

Breaking

Breaking :

Friday, 13 February 2026

9000 फीट की ऊंचाई पर गूंजा राजिम कुंभ कल्प का संदेश, हिमाचल की वादियों में लहराया तिरंगा

 

बर्फीली वादियों में छत्तीसगढ़ प्रचार

9000 फीट की ऊंचाई पर गूंजा राजिम कुंभ कल्प का संदेश, हिमाचल की वादियों में लहराया तिरंगा

रायपुर | 13 फरवरी 2026

छत्तीसगढ़ की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 अब हिमाचल प्रदेश की बर्फीली चोटियों तक पहुंच चुका है। जिला गरियाबंद के ग्राम पोंड़ के युवा पर्वतारोही खेमराज साहू ने 9000 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा लहराते हुए मेले का प्रचार कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

हिमाचल प्रदेश के हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले स्थित सोलंग वैली से पतालसू पीक ट्रैक के दौरान माइनस 6 डिग्री तापमान में यह अभियान पूरा किया गया। उल्लेखनीय है कि पतालसू पीक की कुल ऊंचाई लगभग 13,900 फीट है।

प्रतिकूल परिस्थितियों में साहसिक अभियान

03 फरवरी 2026 को भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण कुल्लू जिला प्रशासन ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ट्रैकिंग पर प्रतिबंध लगा दिया था। निर्धारित मार्ग पर 8 से 10 फीट तक बर्फ जमी होने के बावजूद खेमराज साहू और उनके साथियों ने एडवेंचर वैली के प्रशिक्षित माउंटेनियर के मार्गदर्शन में सोलंग वैली से शगाडुग के जंगलों के रास्ते ट्रैकिंग का प्रयास किया।

सीने तक जमी बर्फ को हटाते हुए और कठिन मौसम का सामना करते हुए टीम ने लगभग 9000 फीट की ऊंचाई पर तिरंगा एवं छत्तीसगढ़ महतारी की छायाप्रति के साथ राजिम कुंभ कल्प मेला 2026 का संदेश प्रदर्शित किया।

राज्य का बढ़ाया मान

इस अभियान में छत्तीसगढ़ के नितेश अग्रवाल (राजनांदगांव) तथा ओडिशा की प्रवासिनी सहित अन्य साथी शामिल रहे। इससे पहले वर्ष 2023 में खेमराज साहू केदारकंठा (12,500 फीट), उत्तराखंड में भी जिले का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनका नाम वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी दर्ज है।

सांस्कृतिक संदेश का वैश्विक विस्तार

यह अभियान केवल एक साहसिक ट्रैकिंग नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास है। 9000 फीट की ऊंचाई पर लहराया गया तिरंगा और राजिम कुंभ का संदेश प्रदेश की युवा शक्ति, साहस और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बन गया है।

No comments:

Post a Comment