कलेक्टर का मैदानी दौरा : योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण
गांव-गांव पहुंचकर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत जानी, किसानों को केसीसी पुस्तिका वितरित
धमतरी, 20 मार्च 2026। जिले में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों का व्यापक दौरा कर योजनाओं के क्रियान्वयन, कृषि गतिविधियों एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा के भ्रमण की शुरुआत पोटियाडीह से हुई, जहां उन्होंने PACS एवं हाउसिंग सोसायटी का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद-बीज वितरण, ऋण सुविधा एवं अभिलेख संधारण की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनी गईं।
यहां 4000 मैट्रिक टन क्षमता के गोदाम निर्माण की योजना की जानकारी दी गई तथा चना खरीदी केंद्र का शुभारंभ कर किसानों को केसीसी पुस्तिकाएं वितरित की गईं।
इसके बाद आमदी नगर पंचायत का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति एवं जल शोधन संयंत्र (WTP) की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कॉलेज रोड के निरीक्षण में सड़क गुणवत्ता एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा।
डोमा में सोसायटी कार्यों की समीक्षा कर समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जुगड़ेही में किसानों से मक्का फसल की स्थिति की जानकारी लेकर उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सुपेला में पोल्ट्री फार्म का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने पशुपालन को आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसे बढ़ावा देने की बात कही। सेमरा बी में मक्का एवं उड़द फसल की स्थिति का अवलोकन कर किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने की सलाह दी गई।
भखारा कृषि उपज मंडी में चना खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर ने भखारा तहसील कार्यालय का दौरा किया। यहां राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अभिलेखों के डिजिटलीकरण एवं समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि—
- सभी योजनाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएं
- हितग्राहियों को पारदर्शी एवं सरल तरीके से लाभ मिले
- नियमित मॉनिटरिंग कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए
- कृषि, पशुपालन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जाए
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद श्री नभ सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कृषक उपस्थित रहे।



No comments:
Post a Comment