निशक्तजन युवती की समस्या लेकर कलेक्टर पहुंचे संगवारी जेंडर रिसोर्स सेंटर, राशन कार्ड में नामिनी जोड़ने की मांग
धमतरी:
सामाजिक कार्यों में सक्रिय संगवारी जेंडर रिसोर्स सेंटर, विकास महिला क्लस्टर संगठन कोर्रा की टीम ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने धमतरी कलेक्टर से मुलाकात कर ग्राम रामपुर (तहसील कुरुद) निवासी कुमारी कमलेश्वरी की गंभीर समस्या से अवगत कराया।
बताया गया कि कुमारी कमलेश्वरी, पिता श्री जेठू राम, शारीरिक रूप से निशक्तजन हैं। इसी कारण उनका राशन दुकान में केवाईसी (KYC) सत्यापन नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें शासकीय राशन योजना का लाभ लेने में कठिनाई आ रही है।
इस संबंध में संस्था ने कलेक्टर से निवेदन किया कि उनके राशन कार्ड में एक नामिनी (Nominee) जोड़ा जाए, ताकि भविष्य में उन्हें राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
संगवारी जेंडर रिसोर्स सेंटर की टीम ने इस दौरान समाज कल्याण विभाग पहुंचकर निशक्तजनों के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की भी जानकारी प्राप्त की, जिससे जरूरतमंद लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
संस्था के इस प्रयास की सराहना की जा रही है, जो समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार कार्य कर रही है।


No comments:
Post a Comment