धमतरी के ग्राम सलोनी में अवैध खनन का खुलासा, जनप्रतिनिधियों पर संरक्षण के आरोप
![]() |
| ग्राम पंचायत सलोनी अवैध खनन |
धमतरी :
धमतरी जिले में अवैध खनन के मामलों पर रोक लगाने के दावों के बीच अब एक और ग्राम पंचायत का नाम जुड़ गया है। ताजा मामला ग्राम पंचायत सलोनी का है, जहां गांव के तालाब से खुलेआम अवैध उत्खनन किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, गांव में सुरक्षा, संरक्षण और विकास कार्यों की जिम्मेदारी संभालने वाले चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर ही अवैध खनन को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह देखा गया कि तालाब से लगातार मिट्टी और खनिज का उत्खनन किया जा रहा है।
मीडिया द्वारा इस संबंध में जानकारी लेने और सवाल पूछे जाने पर जनप्रतिनिधियों का रवैया आक्रामक रहा है, उन्होंने मीडिया को ही धमकी दी और अवैध उत्खनन को स्वीकार करते हुए कहा कि “हम जनप्रतिनिधि हैं, हम कुछ भी कर सकते हैं।”
इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कथित तौर पर कहा कि जब खनिज विभाग बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं करता, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होगी। इस प्रकार के बयान से प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्राम सलोनी के जनप्रतिनिधियों की इस सोच और कार्यप्रणाली को लेकर अब स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। वहीं, अवैध खनन को लेकर शासन-प्रशासन की कार्यवाही पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में जिला प्रशासन और खनिज विभाग क्या कार्रवाई करता है, या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।


No comments:
Post a Comment