ऑपरेशन निश्चय: कपड़ा फेरीवालों की आड़ में हो रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 12 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से मध्यप्रदेश तक फैले अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिले में संयुक्त नाकेबंदी और वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 378.060 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 89 लाख 03 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई में कुल 11 वाहन समेत लगभग 1 करोड़ 98 लाख 05 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस ने इस मामले में 12 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कपड़ा फेरीवालों का भेष बनाकर मोटरसाइकिलों में विशेष लोहे के कम्पार्टमेंट तैयार कर गांजा छिपाकर परिवहन कर रहे थे। तस्करों ने बाइक की पिछली सीट के पीछे लोहे का जालीदार ढांचा बनवाया था, जिसके ऊपर कपड़ों का ढेर रख दिया जाता था ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी उड़ीसा के बालिगुड़ा और तितरी रायगढ़ा क्षेत्र से गांजा लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की तैयारी में थे। रायपुर रेंज पुलिस ने पहले भी एम्बुलेंस, केला परिवहन, मुवर्स एंड पैकर्स, ऑटो, बस और ट्रेन की आड़ में होने वाली गांजा तस्करी के कई मामलों का खुलासा किया है। अब कपड़ा फेरीवालों के रूप में तस्करी का यह नया तरीका सामने आया है।
महासमुंद जिले में बड़ी कार्रवाई
महासमुंद जिले के थाना बसना पुलिस ने ओडिशा सीमा से प्रवेश कर रही 5 मोटरसाइकिलों को रोककर जांच की। जांच में आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। आरोपी स्वयं को सड़क पर कपड़ा बेचने वाला फेरीवाला बता रहे थे। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि गांजा उड़ीसा से लाया जा रहा था।
वहीं थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका में घेराबंदी कर एक होंडा साइन मोटरसाइकिल से 9 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया।
महासमुंद पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी
- मेताप टाटिया (खंडवा, मध्यप्रदेश)
- रमेश चौहान (बैतूल, मध्यप्रदेश)
- राजू कुमावत टाकिया (बैतूल, मध्यप्रदेश)
- दीपक राजपूत (ललितपुर बॉर्डर क्षेत्र)
- प्रकाश बंजारा (रायसेन, मध्यप्रदेश)
- मोहम्मद रिहान (अनूपपुर, मध्यप्रदेश)
- मनोज सिंह (अनूपपुर, मध्यप्रदेश)
- चंद्रशेखर (नागपुर, महाराष्ट्र)
- जितेंद्र (नागपुर, महाराष्ट्र)
- विकास (नागपुर, महाराष्ट्र)
महासमुंद में जब्त सामग्री
- 247 किलोग्राम गांजा
- 7 मोटरसाइकिल
- 6 मोबाइल फोन
- गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल लोहे के 5 जालीदार कम्पार्टमेंट
महासमुंद जिले में कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 28 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई है।
धमतरी जिले में 131 किलो गांजा जब्त
धमतरी जिले में भी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 131.005 किलोग्राम गांजा जब्त किया। इस मामले में 2 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 3 मोटरसाइकिलों में कपड़ों के ढेर की आड़ लेकर गांजा परिवहन कर रहे थे। बाइक की सीट के पीछे विशेष कम्पार्टमेंट तैयार किया गया था, जिसमें गांजा छिपाया गया था।
धमतरी में गिरफ्तार आरोपी
- राजेश ओबनी (बैतूल, मध्यप्रदेश)
- दौलत सिंह (रायसेन, मध्यप्रदेश)
- एक विधि से संघर्षरत बालक
धमतरी में जब्त सामग्री
- 131 किलोग्राम गांजा
- 3 मोटरसाइकिल
- 3 मोबाइल फोन
- 1000 रुपये नकद
धमतरी जिले में कुल जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 69 लाख 61 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है, जो लगातार नए-नए तरीकों से गांजा तस्करी करने का प्रयास कर रहा है। रायपुर रेंज पुलिस द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके कारण तस्करों के मंसूबे लगातार नाकाम हो रहे हैं।


No comments:
Post a Comment