JSON Variables

Breaking

Breaking :

Tuesday, 12 May 2026

रुद्री में शासकीय भूमि पर कब्जे की कोशिश का आरोप, दीवार और नाली तोड़े जाने से ग्रामीणों में आक्रोश

 

रुद्री में शासकीय भूमि पर कब्जे की कोशिश का आरोप, दीवार और नाली तोड़े जाने से ग्रामीणों में आक्रोश



धमतरी जिले के ग्राम पंचायत रुद्री में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अरिकेसन विभाग की जमीन पर बने सुरक्षा दीवार के घेरे को जेसीबी मशीन से तोड़ दिया गया तथा पानी निकासी के लिए बनाई गई नाली को भी क्षतिग्रस्त कर मिट्टी से पाट दिया गया, ताकि शासकीय भूमि पर कब्जा किया जा सके।

ग्रामीणों के अनुसार यह पूरा मामला लंबे समय से चल रहे भूमि कब्जे के प्रयास से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि भूमाफिया खुलेआम शासन की संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग और प्रशासन अब तक मौन बना हुआ है। इससे गांव के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामवासियों ने धमतरी कलेक्टर एवं कार्यपालन अभियंता, जल प्रबंधन कोड क्रमांक-38 को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वंदना भोई, पिता विजय भोई द्वारा शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया तथा कब्जे की नीयत से शासकीय दीवार को जेसीबी से तोड़ा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी शासकीय भूमि पर कब्जे के प्रयास बढ़ सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा क्षतिग्रस्त दीवार और नाली का पुनर्निर्माण कराया जाए।

गांव के लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि भूमाफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें शासन-प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया है। खुलेआम सरकारी भूमि, दीवार और जल निकासी व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे गांव की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है और शासकीय भूमि को कब्जे से बचाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

No comments:

Post a Comment