धमतरी पुलिस का गांजा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 7.724 किलो गांजा के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
सांकरा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी, 4.35 लाख की संपत्ति जप्त
धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए सांकरा फॉरेस्ट नाका में 7 किलो 724 ग्राम गांजा के साथ दिल्ली निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा, मोटरसाइकिल, मोबाइल और नगदी सहित लगभग 4.35 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों, शराब, जुआ एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
ट्राई-जंक्शन क्षेत्र में सख्त निगरानी
धमतरी पुलिस द्वारा बोरई, कुन्दई (ओडिशा) और विश्रामपुरी (कोंडागांव) ट्राई-जंक्शन क्षेत्र में रणनीतिक रूप से चेक पोस्ट स्थापित कर सघन वाहन जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं नाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्येक संदिग्ध वाहन की गहन जांच करने और तस्करी के नए तरीकों पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
थाना सिहावा पुलिस को 24 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध गांजा भरकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान ले जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सांकरा फॉरेस्ट नाका में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास रखे स्काई ब्लू रंग के पिट्ठू बैग और प्लास्टिक पॉलिथीन से कुल 7.724 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
जप्त सामग्री
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से निम्न सामग्री जप्त की गई—
- 7 किलो 724 ग्राम गांजा
- हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल
- एक मोबाइल फोन
- 2,000 रुपये नगद
जप्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4.35 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
लगातार हो रही बड़ी कार्रवाई
धमतरी पुलिस द्वारा हाल के दिनों में गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई की गई है—
- लगभग 20 दिन पूर्व सांकरा चेक पोस्ट पर 127.09 किलोग्राम गांजा सहित लगभग 72.71 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई थी।
- इसके बाद डस्टर वाहन से 54.970 किलोग्राम गांजा और 33.53 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई।
- वहीं एक अन्य कार्रवाई में वाहन की डिक्की से 37.800 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था।
- हाल ही में कपड़े बेचने की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे आरोपियों से 131 किलोग्राम गांजा और 69.61 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई थी।
लगातार हो रही इन रणनीतिक कार्यवाहियों से सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय गांजा तस्करी नेटवर्क पर प्रभावी दबाव बना हुआ है और अवैध मादक पदार्थों के परिवहन पर लगातार अंकुश लगाया जा रहा है।


No comments:
Post a Comment