रुद्री में शासकीय जमीन पर कब्जे की कोशिश! जेसीबी से तोड़ी गई दीवार और नाली
धमतरी - रुद्री में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर चर्चा में है। गांव में अरिकेसन विभाग की जमीन पर बने सुरक्षा दीवार के घेरे को कथित भूमाफियाओं द्वारा जेसीबी मशीन से तोड़ दिए जाने का आरोप सामने आया है। वहीं पानी निकासी के लिए बनाई गई नाली को भी क्षतिग्रस्त कर मिट्टी से पाट दिया गया, जिससे क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह पूरा मामला शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की नीयत से किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले विभागीय जमीन के चारों ओर बनी सुरक्षा दीवार को तोड़ा गया और उसके बाद आसपास की नालियों को नुकसान पहुंचाकर रास्ता साफ करने का प्रयास किया गया। घटना के बाद गांव में भारी नाराजगी का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि भूमाफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें शासन और प्रशासन का किसी प्रकार का भय नहीं रह गया है। गांव में लगातार शासकीय जमीनों, दीवारों और सार्वजनिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कहीं सरकारी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है तो कहीं नाली और रास्तों को बंद कर अतिक्रमण बढ़ाया जा रहा है।
सबसे बड़ी बात यह है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद संबंधित विभाग अब तक मौन नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों ने अब तक मौके का निरीक्षण नहीं किया और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। इससे लोगों में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही तोड़ी गई दीवार और नाली का पुनर्निर्माण कर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में अन्य शासकीय जमीनें भी अतिक्रमणकारियों के निशाने पर आ सकती हैं।



No comments:
Post a Comment