JSON Variables

Breaking

Breaking :

Thursday, 26 February 2026

कोरिया में ACB की बड़ी कार्रवाई : रिश्वत लेते SI और ASI रंगे हाथ गिरफ्तार

 

कोरिया में ACB की बड़ी कार्रवाई : रिश्वत लेते SI और ASI रंगे हाथ गिरफ्तार



कोरिया | छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस विभाग के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों अधिकारियों पर मर्ग जांच के दौरान एक ग्रामीण को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार मामला कोरिया जिले की बचरापोड़ी पुलिस चौकी का है। यहां पदस्थ चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ तथा एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव ने ग्रामीण सत्येंद्र प्रजापति से कथित रूप से 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी, जो बाद में 25 हजार रुपये में तय हुई।


मर्ग जांच के दौरान मांगी जा रही थी रिश्वत

बताया जा रहा है कि कुछ समय पूर्व सत्येंद्र प्रजापति के घर के सामने बने गड्ढे में गिरने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई थी। इस मामले में बचरापोड़ी पुलिस चौकी में मर्ग कायम कर जांच की जा रही थी।

गड्ढा सत्येंद्र प्रजापति के घर के सामने होने के कारण उसे बयान के लिए चौकी बुलाया गया था। इसी दौरान दोनों पुलिस अधिकारियों द्वारा उसे मामले में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांगी जा रही थी।


शिकायत के बाद ACB ने रचा ट्रैप

पीड़ित ग्रामीण ने इसकी शिकायत अंबिकापुर स्थित एंटी करप्शन ब्यूरो कार्यालय में की। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB टीम ने सुनियोजित ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

निर्धारित योजना के अनुसार ग्रामीण को रिश्वत की राशि लेकर पुलिस चौकी भेजा गया। जैसे ही उसने 25 हजार रुपये दोनों अधिकारियों को दिए और बाहर निकलकर टीम को संकेत दिया, ACB ने तत्काल चौकी में रेड मार दी।


रंगे हाथ गिरफ्तार

ACB टीम ने सब इंस्पेक्टर अब्दुल मुनाफ और एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव को रिश्वत की रकम सहित रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ACB अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामलों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

No comments:

Post a Comment