अवैध शराब परिवहन करते आरोपी गिरफ्तार, जायलो कार सहित लाखों की शराब जब्त
धमतरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अर्जुनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पेटी देशी प्लेन शराब (96 पौवा) और एक जायलो कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,27,680 रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी धमतरी के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लिमतरा मोड़ NH-30 ओवरब्रिज के नीचे एक जायलो कार में अवैध शराब रखकर बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही सीएसपी धमतरी के नेतृत्व में अर्जुनी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान मौके पर एक व्यक्ति महेन्द्रा कंपनी की जायलो कार क्रमांक CG-06-L-0282 के पास मिला।
पूछताछ में उसने अपना नाम खिलानंद उर्फ गोलू साहू (33 वर्ष), पिता ईश्वर साहू, निवासी धौराभांठा थाना अर्जुनी जिला धमतरी बताया।
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें खाकी रंग के दो कार्टून में 180-180 एमएल की शीशी में भरी देशी प्लेन शराब के कुल 96 पौवा मिले। शराब की कुल मात्रा 17.280 लीटर पाई गई, जिसकी कीमत 7,680 रुपये बताई गई।
आरोपी के पास शराब रखने और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने 96 पौवा देशी प्लेन शराब और एक पुरानी जायलो कार (लगभग 2,20,000 रुपये) जब्त कर ली। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,27,680 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में थाना अर्जुनी में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 37/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


No comments:
Post a Comment