धमतरी में श्रम अन्न भोजन योजना की खुली पोल, दाल में पानी और अचार में सिर्फ घोल
धमतरी शहर में श्रमिक भाई बहनो को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित श्रम अन्न भोजन योजना में गंभीर लापरवाही सामने आई है। मकई गार्डन के पास संचालित केंद्र में भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
मौके पर देखने पर पाया गया कि परोसी जा रही दाल में पानी की मात्रा अत्यधिक है, जिससे उसका स्वाद और पोषण दोनों प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, साथ में दिए जा रहे रेडीमेड अचार की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है—अचार में मसाले या गुणवत्ता नजर नहीं आ रही, बल्कि उसमें केवल पानी जैसा घोल दिखाई दे रहा है। अचार को देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो आम के टुकड़ों को केवल पानी में धोकर परोस दिया गया हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि योजना का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है, लेकिन इस तरह की लापरवाही से योजना की मंशा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।
यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो यह योजना केवल औपचारिकता बनकर रह जाएगी, जिससे लाभार्थियों को उचित लाभ नहीं मिल पाएगा।


No comments:
Post a Comment