मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वालों पर धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 पिकअप चालकों पर 26,500 रुपये जुर्माना
धमतरी पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत मालवाहक वाहनों में अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर 5 पिकअप वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 26,500 रुपये का जुर्माना वसूला।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में जिले में लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत आम नागरिकों, युवाओं और वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई जारी है।
यातायात पुलिस द्वारा एल्कोमीटर से जांच कर शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए जाने पर वाहनों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इसी क्रम में दुर्घटनाओं में कमी लाने और मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन जैसी खतरनाक प्रवृत्तियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन करते हुए पिकअप वाहनों में सवारियां ढोते पाए जाने पर निम्न वाहनों के चालकों पर कार्रवाई की गई—
- CG 04 CG 7550 – पिकअप
- CG 04 KV 0551 – पिकअप
- CG 04 CG 9693 – पिकअप
- CG 05 X 0113 – पिकअप
- CG 04 PG 9640 – पिकअप
प्रत्येक वाहन चालक से 5,300 रुपये के हिसाब से जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही संबंधित वाहनों के परमिट निरस्त कराने और वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
धमतरी पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि मालवाहक वाहनों में यात्रा करने से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क हादसे का कारण बन सकती है। पुलिस ने “सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन” के संदेश के साथ नागरिकों से यातायात नियमों के पालन में सहयोग की अपील की है।


No comments:
Post a Comment