JSON Variables

Breaking

Breaking :

Wednesday, 6 May 2026

स्वच्छ धमतरी के लिए कलेक्टर की अभिनव पहल, वार्ड स्तर पर वॉलेंटियर्स बढ़ाएंगे जागरूकता


स्वच्छ धमतरी के लिए कलेक्टर की अभिनव पहल, वार्ड स्तर पर वॉलेंटियर्स बढ़ाएंगे जागरूकता



धमतरी, 6 मई 2026।

जिले में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और नागरिकों में जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में साथी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकाय क्षेत्रों में स्वच्छता की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर विस्तृत चर्चा हुई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देश दिए कि नगर के प्रत्येक वार्ड में एक-एक स्वच्छता वॉलेंटियर की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। ये वॉलेंटियर्स घर-घर जाकर लोगों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही नागरिकों को स्वच्छ आदतों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

उन्होंने कहा कि “स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।” कलेक्टर ने जनभागीदारी को इस अभियान की सफलता की कुंजी बताते हुए सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने वार्ड स्तर पर नियमित स्वच्छता अभियान, श्रमदान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों और युवा संगठनों को अभियान से जोड़कर ‘स्वच्छता मित्र’ के रूप में उनकी भागीदारी बढ़ाई जाएगी। साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर स्वच्छता संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

इस दौरान विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों—साथी समूह, लायंस क्लब, गायत्री परिवार, रोटरी क्लब, आर्ट ऑफ लिविंग, ब्रह्मकुमारी, चैंबर ऑफ कॉमर्स, राधास्वामी और कबीर पंथ—के प्रतिनिधियों ने अभियान में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रिया गोयल, उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती मनीषा पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों और जनसहभागिता से धमतरी शहर स्वच्छता के नए मानक स्थापित करेगा और अन्य शहरों के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल सफाई व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि नागरिकों में जिम्मेदारी और स्वामित्व की भावना भी विकसित होगी।

No comments:

Post a Comment