NEWS MiTAN BANDHU

Top News

धमतरी पुलिस का रिपोर्ट कार्ड 2025: अपराधों में ऐतिहासिक गिरावट, 2026 में सुरक्षा और सख्ती पर फोकस

 धमतरी पुलिस का रिपोर्ट कार्ड 2025: अपराधों में ऐतिहासिक गिरावट, 2026 में सुरक्षा और सख्ती पर फोकस



जयप्रकाश सिन्हा 

धमतरी, 12 जनवरी 2026।
जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर धमतरी पुलिस का वर्ष 2025 का रिपोर्ट कार्ड उत्साहजनक रहा। सोमवार को आयोजित वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ने वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों और वर्ष 2026 की कार्ययोजना को मीडिया के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, नशा विरोधी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने उल्लेखनीय परिणाम हासिल किए हैं और आने वाले वर्ष में भी जिले को सुरक्षित बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।


अपराधों पर लगाम: 35 प्रतिशत से अधिक की गिरावट

पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में जहां जिले में 2370 अपराध दर्ज हुए थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या घटकर 1529 रह गई। कुल अपराधों में 35.50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। भादवि/बीएनएस के तहत पंजीबद्ध अपराधों में भी 37.52 प्रतिशत की गिरावट आई है।


जघन्य अपराधों में शत-प्रतिशत खुलासा

वर्ष 2025 में दर्ज 25 हत्या के सभी मामलों का सफल खुलासा करते हुए पुलिस ने 61 आरोपियों को गिरफ्तार किया। हत्या के प्रयास के मामलों में 55 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। लूट, नकबजनी, चोरी, बलात्कार, अपहरण और शीलभंग जैसे अपराधों में 20 से 58 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई।


संपत्ति अपराधों में कमी, 71 प्रतिशत बरामदगी

संपत्ति से जुड़े अपराधों में 41.86 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। वर्ष 2025 में अपहृत 84 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति में से करीब 71 प्रतिशत संपत्ति बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली।


नशा और अवैध हथियारों पर सख्त प्रहार

नारकोटिक्स एक्ट के तहत वर्ष 2025 में 51 मामलों में 80 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 31 प्रतिशत अधिक है। वहीं आर्म्स एक्ट के अंतर्गत भी 30 प्रतिशत अधिक कार्रवाई की गई।


महिला एवं बाल सुरक्षा पर विशेष ध्यान

महिला संबंधी अपराधों में 40.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुम बालक-बालिकाओं के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई और अधिकांश बच्चों को सुरक्षित परिजनों से मिलाया गया।


सड़क सुरक्षा अभियानों का असर

सड़क दुर्घटनाओं में 20.05 प्रतिशत, दुर्घटना में मृतकों की संख्या में 8.67 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 31.26 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जो यातायात जागरूकता अभियानों की सफलता को दर्शाता है।


प्रवर्तन कार्रवाई में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

वर्ष 2025 में प्रवर्तन कार्यवाही में 111.76 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान 1.33 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की गई।


चर्चित और क्लूलेस मामलों का खुलासा

बरड़िया ज्वैलर्स डकैती, अन्नपूर्णा ढाबा तिहरा हत्याकांड, अंतरराज्यीय फर्जी आयकर अधिकारी गिरोह, मंदिरों में सिलसिलेवार चोरी और वाहन चोर गिरोह जैसे कई जघन्य व क्लूलेस मामलों का सफल खुलासा किया गया।


जागरूकता और प्रशिक्षण पर जोर

वर्ष 2025 में यातायात, सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति को लेकर 278 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे 74,641 नागरिक लाभान्वित हुए।



Post a Comment

Previous Post Next Post