NEWS MiTAN BANDHU

धमतरी - गणतंत्र दिवस 2026: आकर्षक मार्चपास्ट ने बांधा समां

 गणतंत्र दिवस 2026: आकर्षक मार्चपास्ट ने बांधा समां






धमतरी, 27 जनवरी 2026।

जिला मुख्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विभागों, सुरक्षा बलों एवं शैक्षणिक संस्थानों द्वारा अनुशासित एवं प्रभावशाली मार्चपास्ट का प्रदर्शन किया गया। मार्चपास्ट ने राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं एकता का सशक्त संदेश दिया।

समारोह में मुख्य परेड कमांडर श्री दीपक शर्मा (रक्षित निरीक्षक) तथा उप परेड कमांडर श्री रामावतार सिंह राजपूत (सहायक उप निरीक्षक) के कुशल नेतृत्व में परेड का सफल संचालन किया गया।

मार्चपास्ट में जिले के विभिन्न बलों एवं संगठनों की कुल 14 टुकड़ियों ने भाग लिया। इनमें जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला प्लाटून), नगर सेना बल, एन.सी.सी. सीनियर एवं जूनियर डिवीजन, जिला स्काउट, जिला गाइड, जिला रेडक्रास, तथा जूनियर विंग (वंदेमातरम्) की टुकड़ियाँ शामिल रहीं।

सभी टुकड़ियों ने उत्कृष्ट कदमताल एवं आकर्षक सलामी प्रस्तुत कर दर्शकों एवं अतिथियों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

मार्चपास्ट प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे—

जिला पुलिस बल (पुरुष) ने प्रथम, जिला पुलिस बल (महिला) ने द्वितीय एवं जिला पुलिस बल (पुरुष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

एन.सी.सी. सीनियर वर्ग में पी.जी. कॉलेज (बालक वर्ग) प्रथम स्थान पर रहा।

एन.सी.सी. जूनियर वर्ग में सर्वोदय विद्यालय धमतरी ने प्रथम, मॉडल स्कूल धमतरी ने द्वितीय तथा नूतन विद्यालय धमतरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

स्काउट-गाइड वर्ग में जिला गाइड प्लाटून प्रथम एवं जिला स्काउट प्लाटून द्वितीय स्थान पर रही।

रेडक्रॉस वर्ग में जिला रेडक्रॉस प्लाटून प्रथम स्थान पर रहा, वहीं जूनियर विंग प्लाटून वर्ग में वंदे मातरम् विद्यालय धमतरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक श्री अजय चंद्राकर द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post