NEWS MiTAN BANDHU

Top News

कांकेर -झाड़-फूंक और जादू-टोने के नाम पर ठगी: कांकेर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

झाड़-फूंक और जादू-टोने के नाम पर ठगी: कांकेर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

कांकेर।
अंधविश्वास के नाम पर आम नागरिकों को ठगने वालों के खिलाफ कांकेर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। झाड़-फूंक, जादू-टोना और ताबीज के जरिए एक महिला से ₹1,50,000 की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को थाना कांकेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता की पुत्री के बीमार होने का फायदा उठाते हुए उस पर जादू-टोना होने का झांसा दिया। आरोपियों ने दावा किया कि विशेष पूजा-पाठ, झाड़-फूंक और बली देने से बच्ची ठीक हो जाएगी। इसी बहाने अलग-अलग किश्तों में महिला से बड़ी रकम ऐंठ ली गई।

जब लंबे समय तक इलाज के नाम पर किए गए इन टोटकों का कोई सकारात्मक परिणाम नहीं निकला, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने थाना कांकेर में शिकायत दर्ज कराई।

मामला दर्ज, कड़ी धाराओं में कार्रवाई

पीड़िता की शिकायत पर थाना कांकेर में अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 351(3), 3(5) एवं छत्तीसगढ़ टोनाही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005 की धारा 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर कांकेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अंधविश्वास के खिलाफ पुलिस की सख्त चेतावनी

कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अंधविश्वास, झाड़-फूंक, जादू-टोना एवं ताबीज के नाम पर किसी के बहकावे में न आएं। इस प्रकार की गतिविधियां न केवल आर्थिक शोषण का माध्यम हैं, बल्कि समाज के लिए भी अत्यंत घातक हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित नागरिक बिना डर के पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।

कांकेर पुलिस की यह कार्रवाई अंधविश्वास के खिलाफ एक मजबूत संदेश है कि कानून ऐसे अपराधों को कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post